spot_img
spot_img
Sunday, June 28, 2026
spot_img
Home Blog Page 6

पौड़ी को मिली विज्ञान संग्रहालय की सौगात, कंडोलिया महोत्सव होगा राजकीय महोत्सव: मुख्यमंत्री धामी

0

 

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान जिला मुख्यालय स्थित श्रीनगर रोड पर निर्मित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास और पांच योजनाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का विधिवत उद्घाटन कर वहां विकसित विज्ञान आधारित गतिविधियों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। संग्रहालय में स्थापित विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित सहभागितापूर्ण मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनियों और आधुनिक उपकरणों का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे विज्ञान संग्रहालय बच्चों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री को संग्रहालय में स्थापित वैज्ञानिक प्रदर्शनों की जानकारी दी। बच्चों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी कई प्रदर्शनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विज्ञान, अंतरिक्ष, ऊर्जा, पर्यावरण और तकनीकी नवाचारों से जुड़े प्रदर्शनों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला विज्ञान संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संग्रहालय जनपद के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है। लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से जिन 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और अब तक लाखों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार विकास को पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी सोच के साथ ‘हाउस ऑफ हिमालय’, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, श्रीअन्न मिशन, नई पर्यटन एवं चलचित्र नीति, स्वरोजगार तथा गृह-आवास योजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सनातन संस्कृति, मूल स्वरूप और सामाजिक सौहार्द की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली राष्ट्रीय कैडेट कोर अकादमी, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, वाहन चालक परीक्षण पथ तथा खेल अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी और रोजगार व पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाएंगी।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विधायक दिलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अंथवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले 2 युवक गिरफ्तार

0

रुद्रपुर (महानाद) : पिस्टल के दम पर दहशत फैलोन वाले 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। युवकों ने फरारी, ठिकाने बदलने और पुलिस से बचने के हर हथकंडे अपनाए, लेकिन एसएसपी अजय गणपति की कुशल रणनीति के आगे उनकी कोई चाल नहीं चली।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर धामी के अपराधमुक्त एवं भयमुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने हेतु एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने, रिहायशी क्षेत्र में अराजकता फैलाने एवं दहशत का माहौल बनाने वाले मुख्य आरोपी सहित दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आपको बता दें कि दिनांक 10.06.2026 को चौकी आदर्श कॉलोनी क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्तियों द्वारा एक घर पर पहुंचकर हो-हल्ला करते हुए परिवार को धमकाया गया तथा पिस्टल दिखाकर भय का वातावरण बनाया गया। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर एक आरोपी पिस्टल फेंककर मौके से फरार हो गया। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल एवं .30 बोर के 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल द्वारा लगभग एक माह पूर्व आत्महत्या की गई थी। परिजनों द्वारा अपने घर के सामने एसी की दुकान संचालित करने वाले रमन कक्कड़ को उक्त घटना के लिए जिम्मेदार माना जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

दिनांक 10.06.2026 को रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ एवं उनके अन्य साथियों द्वारा सन्नी के परिवार के साथ विवाद किया गया। आरोपियों के साथ आए एक व्यक्ति द्वारा पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया गया। शोर-शराबा होने पर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भागने लगे। पीछा किए जाने पर एक आरोपी द्वारा पिस्टल फेंक दी गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी। पुलिस जांच में यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी पुनः पीड़ित पक्ष को नुकसान पहुंचाने की योजना बना सकते हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।

दिनांक 15.06.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ एवं पिस्टल लेकर आने वाला आरोपी दीपक कुमार रामपुर (उत्तर प्रदेश) के खानपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी एवं रम्पुरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त –
1. रमन कक्कड़ (32 वर्ष) पुत्र मनजीत सिंह निवासी ग्राम केसरपुर, रुद्रपुर।
2. दीपक कुमार (26 वर्ष) पुत्र बलवीर चंद निवासी ग्राम मजरा झुण्डी, सकैनिया, गदरपुर।

पुलिस टीम में कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई अनिल जोशी, एसआई प्रदीप कुमार, पंकज कुमार, प्रदीप पंत, प्रियांशु जोशी, हे.कां. प्रकाश भोजक, कां. दिनेश खड़ायत, महेश पंचपाल तथा रघुनाथ गोस्वामी शामिल थे।

पाकिस्तान से हथियार और हेरोइन मंगाकर बाजपुर में छिपा वांटेड अपराधी गिरफ्तार

0

देहरादून/बाजपुर (महानाद) : पाकिस्तान से हथियार और 900 ग्राम स्मैक मंगाकर बाजपुर में छिपे पंजाब के वांटेड अपराधी को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर उसके पास से 1 दर्जन पिस्टल, 20 मैगजीन तथा 900 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के ‘अपराध मुक्त उत्तराखण्ड’ के विजन तथा डीजीपी उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशन में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों के भगोड़े अपराधियों/गैंगस्टरों की धरपकड़/गिरफ्तारी हेतु कार्यवाही की जा रही है।

उक्त क्रम में दिनांक 15/06/2026 की प्रातः उत्तराखण्ड एसटीएफ, पंजाब पुलिस व बाजपुर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में मौहल्ला केशवनगर, बाजपुर, उधम सिंह नगर से पंजाब के भगोड़े/वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी गली नं. 1, सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी को गिरफ्तार किया गया। जिस पर एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट में मुदकमें दर्ज हैं।

एसएसपी एसटीएफ उत्तराखंड अजय सिंह ने बताया कि दिनांक 23 मई,2026 को अमृतसर, पंजाब में नशा एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) अमृतसर एवं बीएसएफ टीम द्वारा एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह के आवास पर रेड की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ईशानप्रीत सिंह मकान की छत से छलांग लगाकर पीछे की ओर से फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ बरामद किए गए।

 
3 बरेटा पिस्टल
3 जिगाना पिस्टल
6 मेड इन चाइना पिस्टल
– 20 मैगजीन
– लगभग 900 ग्राम हेरोइन

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस से सम्पर्क करने पर ये बात सामने आयी कि ईशानप्रीत के पास सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये बॉर्डर पर ये हथियार व ड्रग्स पहुँचाये गये थे। तब से पंजाब पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा उसकी तलाश के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच उत्तराखण्ड एसटीएफ को पंजाब पुलिस के माध्यम से ईशानप्रीत के उत्तराखण्ड में जनपद ऊधम सिंह नगर में होने की सूचना दी गयी जिसपर एक टीम को इस टास्क पर लगाया गया तथा 15 जून की तड़के एसटीएफ उत्तराखंड, पंजाब पुलिस की एएनटीएफ व स्थानीय पुलिस टीम द्वारा चलाये गये ज्वाइंट ऑपरेशन में बाजपुर के केशवनगर से इसे गिरफ्तार किया गया। जिसे पूछताछ के उपरान्त पंजाब पुलिस के सुपुर्द किया गया।

देहरादून : भाजपा का पूर्व विधायक गिरफ्तार

0

सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : डालनवाला कोतवाली पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि दिनांक 05-01-2026 को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखण्ड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने तहरीर देकर बताया था कि पूर्व विधायक ज्वालापुर विधानसभा हरिद्वार सुरेश राठौर व एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने कुछ राजनैतिक पार्टियों से मिलीभगत कर सुनियोजित रुप से आपराधिक षडयंत्र रचते हुए झूठी व मनगढ़ंत ऑडियो व वीडियो बनाकर उनकी व पार्टी एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि खराब करने, झूठी ऑडियो व वीडियो का आपसी वार्तालाप करके सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शान्ति व्यवस्था भंग करने, उपद्रव व दंगे फैलाने का प्रयास किया है।

दुष्यंत कुमार गौतम की तहरीर के आधार पर दिनांक 05-01-2026 को कोतवाली डालनवाला में धारा 61(2), 336(4), 353(2), 356(3) बीएनएस व 66(डी), 66(ई) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की की संवेदनशीलता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा उक्त प्रकरण में गहनता से विवेचना करने के निर्देश दिये गये,जांच के दौरान बयानात/साक्ष्य व तथ्यों के आधार पर अभियुक्त सुरेश राठौर के विरुद्ध धारा 308(6) बीएनएस का अपराध पाये जाने पर विवेचना में 308(6) बीएनएस की वृद्धि की गयी व पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त सुरेश राठौर को दिनांक 14-06-2026 को मुखबिर की सूचना पर बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया।

सुरेश राठौर को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल सुद्धोवाला भेज दिया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने माता पूर्णागिरि मंदिर में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का दिया संदेश

0

खटीमा (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार प्रातः खटीमा क्षेत्र के नगला तराई स्थित माता पूर्णागिरि मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण हमारी संस्कृति एवं आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध राज्य है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन से भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, प्रधान दीपक मेहरा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ हिमांशु बागरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व क्षेत्रीय जनता उपस्थित थे।

पुलिस ने किया फर्जी सीएससी सेंटर का खुलासा, बाप-बेटे गिरफ्तार

0

मेरठ (महानाद) : साइबर सेल और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक फर्जी जनसेवा केंद्र (सीएससी सेंटर) का भंडाफोड़ कर पहचान संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग करने वाले गिरोह के दो सदस्यों, बाप-बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक, चेकबुक और डेबिट-क्रेडिट कार्ड आदि बरामद किए हैं।

रविवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल तथा लिसाड़ी गेट पुलिस क्षेत्र में जनसेवा केंद्रों की जांच कर रही थी। इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं मुखबिर की सूचना पर अंसार कॉलोनी, गोला कुआं स्थित रॉयल सर्विसेज जन सेवा केंद्र चलाने वाले अरकम पुत्र निजामुद्दीन और निजामुद्दीन पुत्र यासीन को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी अवनीश कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन, 92 डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, 10 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 139 वोटर आईडी कार्ड, 16 ब्लैंक हेल्थ कार्ड, 180 आधार कार्ड, 97 पैन कार्ड तथा 10 रबर स्टैंप और सील मोहर बरामद हुई हैं। मामले में थाना लिसाड़ी गेट में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी बाप-बेटे ने बताया कि वे अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को गुमराह कर उनके पहचान पत्र प्राप्त कर लेते थे। बाद में इन दस्तावेजों के आधार पर फर्जी पहचान पत्र तैयार कर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे और इन खातों से जुड़े डेबिट और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन लेनदेन और साइबर धोखाधड़ी में किया जाता था।

एसपी क्राइम ने बताया कि जांच में instantmudra.in तथा swifemoney.in समेत अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से धनराशि के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। बरामद खातों में से एक खाते के संबंध में असम से साइबर ठगी की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज मिली है, जिससे इस गिरोह के तार बड़े साइबर अपराधों से जुड़े होने की आशंका है।

एसपी ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य अबूबकर पुत्र निजामुद्दीन फरार है, जिसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। अब पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर साइबर अपराधों को अंजाम दिया है।

जन-जन की सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां

0

 

खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान रविवार को शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उनका फूल-मालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य तथा अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। जिलाधिकारी द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर भी मुख्यमंत्री को भेंट की गई।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है तथा योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई संपर्क जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने और नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी संकल्प को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खटीमा सहित पूरे उत्तराखंड की जनता की समस्याओं के प्रति सजग हैं और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग ने दो लाभार्थियों को ऑर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना हेतु अनुदान दिया तथा किसानों को रासायनिक उर्वरक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत आठ लाभार्थियों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण स्वीकृति के चेक वितरित किए।

कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली शक्ति : मुख्यमंत्री धामी

0

 

 

खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है, जिसके विचार आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ज्ञान, चेतना और सांस्कृतिक विरासत की भूमि भी है।

खटीमा के एक निजी होटल में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, कृषि, साहित्य, उद्योग और अध्यात्म सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से संवाद किया और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि धारा-370 की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक की समाप्ति और नागरिकता संशोधन कानून जैसे निर्णय नए भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी सुशासन, विकास और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून लागू करना तथा धर्मांतरण विरोधी एवं दंगा विरोधी कानूनों को प्रभावी बनाना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य का निर्माण केवल सरकारें नहीं करतीं, बल्कि समाज की सोच और नागरिकों की सहभागिता भी उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।

मुख्य सेवक जन संवाद कार्यक्रम में भी हुए शामिल

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बंडिया स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित मुख्य सेवक जन संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और आज विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और पात्र मतदाताओं को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने टिफिन बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मध्याह्न भोजन किया और संगठन को भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान की प्रतिमाओं का किया अनावरण

0

 

खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बंडिया क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की संस्कृति, परंपरा तथा धार्मिक आस्था प्रदेश की पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ और महाबली हनुमान जी की प्रतिमाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और जनकल्याण की भावना को और अधिक मजबूत करेंगी। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और संस्कारों को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता के अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में खटीमा में निकली भव्य ‘प्रगति पथ यात्रा’, हजारों लोगों ने किया उत्साहपूर्ण सहभाग

0

 

खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रविवार को खटीमा में भव्य ‘प्रगति पथ यात्रा’ निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में युवा, मातृशक्ति, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में देशभक्ति, विकास और जनसमर्थन का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

मुख्य मार्ग से निकली यह यात्रा नगर के प्रमुख स्थानों से होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा शहीद स्थल पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में महान विभूतियों तथा शहीदों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और त्याग से नई पीढ़ी को देश और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने प्रदेश में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, दर्जा राज्य मंत्री हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।