विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : कमर्शियल वाहनों की फिटनेस काशीपुर में न होने से परेशान ई-रिक्शा/टेंपों चालकों ने रामनगर रोड पर एसआरएफ फैक्ट्री के पास प्रदर्शन कर गाड़ियों की फिटनेस काशीपुर में ही करवाये जाने की मांग की।
इस दौरान ई-रिक्शा/टेंपों चालकों ने बताया कि अब गाड़ियों की फिटनेस काशीपुर एआरटीओ में न होकर रुद्रपुर में हो रही है, जिससे फिटनेस न होने पर उनके चालान कट जा रहे हैं। वहीं, यदि वे अपने वाहनों की फिटनेस रुद्रपुर कराने जा रहे हैं तो उन्हें 2-3 गुना पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जो काम उनका काशीपुर में 3000 रुपये में हो रहा था उसके लिए उन्हें रुद्रपुर में 5-10 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं लोकल में काम आसानी से हो जाता था, अब यदि उनकी गाड़ी में कोई कमी निकल आती है तो उन्हें दोबारा रुद्रपुर जाना पड़ता है। आरटीओ की पर्ची 24 घंटे की होने के कारण उन्हें फिर से नई पर्ची कटवानी पड़ती है।
वहीं, ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि उनकी रिक्शा एक बार की चार्जिंग में केवल 80 किमी ही चल सकती है, ऐसे में वे रुद्रपुर का लगभग 160 किमी का सफर कैसे तय करके वापिस घर आ पायेंगे। फिर फिटनेस कराने जाते हुए रास्ते में भी उनका चालान कटने का खतरा है।
उधर, रिक्शा चालकों ने नगर निगम काशीपुर द्वारा प्रस्तावित 1000 रुपये की लाइसेंस फीस और प्रतिदन 25 रुपये की वसूली पर भी ऐतराज उठाया। उनका कहना है कि उनकी ई-रिक्शायें ईएमआई पर चल रही हैं वे ये अतिरिक्त बोझ नहीं उठा पायेंगे।
इस मौके पर नर बहादुर, राजेश चौहान, निर्मल सिंह, जसवंत सिंह, आशु तोमर, रामकिशोर, मोहित कश्यप, संजय, वीरपाल आदि मौजूद थे।



