spot_img
spot_img
Saturday, June 27, 2026
spot_img
Home Blog Page 3

मुख्य सचिव संग हजारों लोगों ने किया योग, प्रकृति की गोद से गूंजा स्वास्थ्य का संदेश

0
  • योग की छांव में विकास का संकल्प, एमडीडीए सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य और प्रकृति का महाकुंभ
  • सिटी फॉरेस्ट पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जुटे 1000 से अधिक लोग, योग-प्राणायाम के साथ स्वस्थ उत्तराखंड का लिया संकल्प

सुहानी अग्रवाल
देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाने व जन-जन तक पहुंचाने के अभियान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड को योग, वेलनेस एवं प्राकृतिक चिकित्सा की राजधानी बनाने के प्रयासों के बीच अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून का सिटी फॉरेस्ट पार्क स्वास्थ्य, आध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण {एमडीडीए} द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने शिरकत की। इस दौरान मुख्य सचिव व अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया, प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रकृति की हरियाली और पहाड़ों की शांत वादियों के बीच एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा योग जागरूकता के लिए उनके योगदान की सराहना की।

सुबह की ताजा हवा, वृक्षों की छांव और पक्षियों की मधुर आवाजों के बीच जब एक साथ हजारों हाथ योग मुद्राओं में उठे तो पूरा सिटी फॉरेस्ट पार्क मानो योगमय हो गया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

 

प्रकृति के बीच योग का अनूठा संदेश –
इस वर्ष योग दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि इसे प्रकृति संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता से भी जोड़ा गया। एमडीडीए द्वारा विकसित सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का भी मार्ग है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक लाभों के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग तनाव को कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और विभिन्न जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है। बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी ने यह भी दर्शाया कि योग अब केवल पारंपरिक अभ्यास नहीं बल्कि आधुनिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

देवभूमि से दुनिया तक योग की गूंज –
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच योग मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र को स्वस्थ बनाने का अभियान है।

उत्तराखंड बनेगा योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी –
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। यहां का प्राकृतिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत लोगों को संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चारधाम, हिमालय और प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध उत्तराखंड विश्वभर के योग साधकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य पर्यटन का नया केंद्र –
योग दिवस कार्यक्रम ने यह भी साबित कर दिया कि एमडीडीए का सिटी फॉरेस्ट पार्क केवल मनोरंजन स्थल नहीं बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में पार्क में विकसित आधुनिक सुविधाओं ने इसे परिवारों, युवाओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पार्क की स्वच्छता, हरियाली और सुविधाओं की सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे प्राकृतिक वातावरण में योग करना किसी आध्यात्मिक अनुभव से कम नहीं है। पार्क में मौजूद ओपन स्पेस, ट्रैक और हरित क्षेत्र सामूहिक योग एवं वेलनेस गतिविधियों के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करते हैं।

स्वस्थ समाज की ओर बढ़ता उत्तराखंड –
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ उत्तराखंड और स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। योग, प्रकृति और जनसहभागिता के इस अनूठे संगम ने यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तराखंड न केवल आध्यात्मिक और धार्मिक दृष्टि से समृद्ध है, बल्कि स्वास्थ्य और वेलनेस के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्य सचिव ने परखी सिटी फॉरेस्ट पार्क की धड़कन, डिजिटल फीडबैक सिस्टम के दिए निर्देश

एमडीडीए के सिटी फॉरेस्ट पार्क को और अधिक आधुनिक, सुविधायुक्त और जनहितैषी बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने 12 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन तथा पूछताछ केंद्र सहित पार्क की प्रमुख सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पार्क में मौजूद नागरिकों, पर्यटकों और कैफेटेरिया संचालकों से बातचीत कर सुविधाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता के बारे में फीडबैक भी लिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थल की सफलता उसकी जनस्वीकृति और उपयोगिता पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क आने वाले लोगों की राय और सुझाव प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित किया जाए, जिससे नागरिक सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकें। उनका मानना था कि तकनीक और जनभागीदारी के समन्वय से सार्वजनिक सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पार्क की स्वच्छता, हरित क्षेत्र, ऊर्जा संरक्षण व्यवस्थाओं और पर्यावरणीय पहलुओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का उत्कृष्ट माध्यम बनकर उभरा है। यहां उपलब्ध सुविधाएं इसे परिवारों, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आदर्श सार्वजनिक स्थल बनाती हैं।

मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद एमडीडीए ने पार्क की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों और निर्देशों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। पार्क में डिजिटल सेवाओं, जनसुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि सिटी फॉरेस्ट पार्क देहरादून के सबसे बेहतर सार्वजनिक स्थलों में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का उत्सव है। योग हमारी हजारों वर्षों पुरानी परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और इसका श्रेय भारत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को जाता है। वर्तमान समय में मानसिक तनाव, असंतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का सबसे सरल माध्यम है। उत्तराखंड जैसी देवभूमि में योग का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां की संस्कृति, प्रकृति और आध्यात्मिक परंपराएं योग के मूल भाव को मजबूत करती हैं। मेरा सभी प्रदेशवासियों से आग्रह है कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। – मुख्य सचिव आनंद बर्धन

देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रही है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सिटी फॉरेस्ट पार्क में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज में योग के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि एमडीडीए के सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वास्थ्य और जनकल्याण से जोड़ते हुए लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। योग को अपनाकर हम स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। – उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी

सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में लोगों का उत्साह बेहद प्रेरणादायक रहा। एमडीडीए का प्रयास है कि शहरवासियों को ऐसे हरित और स्वस्थ वातावरण वाले सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे प्रकृति के बीच समय बिता सकें। योग दिवस का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित हो सकें। – सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया

अनमोल फाउंडेशन द्वारा संचालित बाल देखरेख संस्थान ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : अनमोल फाउंडेशन द्वारा संचालित बाल देखरेख संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्थान की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीनाक्षी चौहान के नेतृत्व में संस्थान में निवासरत् दिव्यांग बच्चों ने योग किया। योग शिक्षक रेनू ने उपस्थित छात्र एवं उपस्थित अन्य महानुभावों को विभिन्न मुद्राओं में योग करवाए।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र उधम सिंह नगर सतीश कुमार चौहान, पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश चंद जोशी, शिक्षक रीना शर्मा, दीपिका अग्रवाल, सचिन कुमार, रेखा, उर्मिला, विशेष शिक्षा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे डिप्लोमा के विद्यार्थी दीपक कुमार, आदित्य, तेजस, रोहण शर्मा, संध्या चौहान, शोभा, निकिता, तन्मय, डिंपल तथा तथा बाल देखरेख संस्थान में निवासरत् दिव्यांग बच्चे उपस्थित रहे।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग उधम सिंह नगर द्वारा संचालित डीडीआरसी उधम सिंह नगर द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नोडल अधिकारी सतीश चौहान द्वारा उपस्थित बच्चों एवं छात्रों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

स्वस्थ जीवन का आधार होने के कारण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है योग : दीपक बाली

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में केवीएस प्रीमियर ग्रुप, भारतीय खेल प्राधिकरण, रोटरी क्लब काशीपुर एवं महिला पतंजलि योग समिति काशीपुर द्वारा आयोजित विशाल योग शिविर में मेयर दीपक बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय जनता के साथ सहभागिता निभाई और कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार होने के करण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर मेयर दीपक बाली ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ हमें स्वस्थ, संतुलित व सुखी जीवन का संदेश देती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों के चलते 11 दिसंबर 2014 को भारतीय योग को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली और संयुक्त राष्ट्र महासभा के 177 देशों ने योग को स्वीकृति दे दी थी, जिसके चलते आज अर्थात 21 जून को योग पूरी दुनिया में मनाया जाता है और करोड़ों लोगों के स्वस्थ जीवन का आधार है।

उन्होंने कहा कि 21 जून का यह महत्व है की यह उत्तरी गोलार्ध का सबसे लंबा दिन होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घायु बनाता है। मेयर बाली ने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। इस अवसर पर बाली ने सभी आयोजकों को इस सफल आयोजन हेतु हार्दिक बधाई दी।

योग दिवस के इस अंतरराष्ट्रीय पावन अवसर पर केवीएस प्रीमियर ग्रुप केएमडी देवेंद्र अग्रवाल, रेखा जिंदल, बीपी गोयल, महिला पतंजलि योग समिति की राज्य कार्यकारिणी सदस्य कमला, एसपी स्वप्न किशोर सिंह, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, पूर्व मेयर उषा चौधरी, राज मेहरोत्रा, सुमित अग्रवाल सहित शहर के तमाम गणमान्य एवं भारी संख्या में आमजन स्त्री पुरुष विभिन्न स्कूलों के बच्चे एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे और योग किया।

सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत, टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : घोर लापरवाही बरतते हुए एक टैक्सी चालक ने टैक्सी को डंपर से टकरा दिया जिसमें दो महिलायें गंभीर रूप से घायल हो गईं जबकि एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

अम्बिका विहार, गौजानी, रामनगर निवासी नरेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र मोहन सिंह बिष्ट ने काशीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके तीन रिश्तेदार दिनांक 19 जून 2026 को लगभग 9ः30 बजे रात को नोएडा से अपने पैत्रृक गाँव सौरे, तहसील भिक्यासैन, जिला अल्मोड़ा आ रहे थे। वे सभी एक कैब बुक करके आर्टिगा कार, पंजीकरण संख्या एचआर 58 डी 9994 में यात्रा कर रहे थे।

नरेन्द्र बिष्ट ने बताया कि उक्त वाहन को दीपक नेगी पुत्र राम सिंह नेगी चला रहा था। रास्ते में चालक की घोर लापरवाही के कारण न्यू प्रतापपुर चौक स्थित खालसा होटल के पास 4ः30-5ः00 बजे सुबह के करीब उक्त कार अनियंत्रित होकर एक डम्पर से जा टकराई, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हो गई। उक्त दुर्घटना में भवानी मनराल पत्नी जमन सिंह मनराल तथा रीना मनराल पुत्री जमन सिंह मनराल और सुनीता मनराल पुत्री जमन सिंह मनराल (निवासीगण सेक्टर-3, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, हरियाणा) को गंभीर चोटें आई हैं और वे वर्तमान में सहोता मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, काशीपुर में आईसीयू में भर्ती हैं।

नरेन्द्र बिष्ट ने बताया कि सुनीता मनराल पुत्री जमन सिंह मनराल को दिल्ली रेफर कर दिया गया था जहां पर इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी, और रीना मनराल और भवानी मनराल की गम्भीर स्थित बनी हुई है।

उन्ळोंने कहा कि उपरोक्त दुर्घटना चालक दीपक नेगी की लापरवाही एवं गलत वाहन संचालन के कारण हुई है। इसलिए उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही की जाये।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दीपक नेगी के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 125(बी), 281 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई कौशल सिंह भाकुनी के हवाले की है।

जसपुर : 115 लीटर कच्ची शराब के साथ संदीप और पिंकी गिरफ्तार

0

शराब तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी : महेंद्र बिष्ट

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : ग्राम कलियावाला और गढ़ी हुसैन में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई के चलते दो लोग गिरफ्तार हुए, साथ ही 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।

जानकारी के अनुसार जसपुर के बहुचर्चित ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलियावाला और गढ़ी हुसैन में संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई के दौरान कुल 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि एक मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊँ मंडल केके कांडपाल एवं जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अवैध कच्ची शराब की बिक्री की शिकायत मिलने पर बाजपुर एवं काशीपुर की संयुक्त आबकारी टीम ने ग्राम कलियावाला और ग्राम गढ़ी हुसैन में एक साथ दबिश दी।

आबकारी टीम ने कलियावाला में कुलदीप सिंह के घर की तलाशी के दौरान 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में संदीप सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्राम कलियावाला के एक अन्य घर से 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिस पर पिंकी कौर के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई। वहीं छापेमारी के दौरान 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

इस संयुक्त अभियान में जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट, आबकारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, आबकारी निरीक्षक कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा सहित जनपदीय प्रवर्तन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। आबकारी विभाग के अधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

20 हजार का ईनामी बदमाश साथी के साथ गिरफ्तार

0

सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : पुलिस ने 20 हजार के एक ईनामी बदमाश को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर उनके पास से 2 तमंचें बरामद किये हैं।

आपको बता दें कि दिनांक 27.05.2026 को सुभाष ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अभियुक्तगणों ने उसके साथ गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी जिसके आधार पर धारा 115(2)/351(3)/352/109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

अभियोग में नामजद विशाल पासवान पुत्र उमेश पासवान निवासी टांडा मल्लू, रामनगर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी द्वारा 20 हजार रुपये का ईनामी अपराधी घोषित किया गया, जिनको गिरफ्तार करने हेतु एसएसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर विशाल पासवान, जो मुकदमा उपरोक्त में ईनामी अपराधी था, को एक अदद तमंचे के साथ मुखबिर की सूचना पर चोरपानी, खाली फील्ड से गिरफ्तार किया गया।

विशाल के साथ अनुज रावत पुत्र मोहन सिंह रावत निवासी ग्राम बसई, पीरुमदारा, रामनगर को भी एक अदद तमन्चे के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम में कोतवाल सुशील कुमार, एसआई गणेश जोशी, कां. विक्रम कुमार, विजेन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह, गगन भण्डारी, महबूब आलम, भूपेन्द्र जेष्ठा, भानु प्रताप ओली शामिल थे।

हिस्ट्रीशीटर के घर पर चला धामी का बुलडोजर, 50 लाख कीमत की जमीन हुई कब्जामुक्त

0

नानकमत्ता (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर तथा एक अवैध मजार पर धामी का बुलडोजर चलवा दिया। सिंचाई विभाग एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करवा लिया।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के क्रम में एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद में नशा तस्करों, गैंगस्टरों एवं अन्य आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों का चिन्हींकरण कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

उक्त क्रम में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों की संपत्तियों का चिन्हींकरण किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि कोतवाली नानकमत्ता के हिस्ट्रीशीटर/गैंगस्टर अपराधी तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी डैम बंदा, गिधौर तथा उसके परिवारजनों द्वारा नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया गया था। उक्त स्थान का प्रयोग लंबे समय से अवैध स्मैक, हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी से संबंधित गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

सिंचाई विभाग तथा कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा उक्त अवैध अतिक्रमण का चिन्हींकरण कर नियमानुसार रिपोर्ट सिंचाई विभाग को प्रेषित की गई। सिंचाई विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों को नोटिस तामील कराते हुए भूमि खाली करने हेतु निर्देशित किया गया। नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सिंचाई विभाग द्वारा रिपोर्ट उपजिलाधिकारी खटीमा को प्रेषित की गई, जिसके क्रम में दिनांक 20 जून 2026 को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

आज तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग बरेली, पुलिस बल, पीएसी एवं फायर सर्विस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के मध्य बुलडोजर की सहायता से अवैध रूप से निर्मित पक्के मकान को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। संयुक्त अभियान के दौरान अपराधियों के कब्जे से लगभग 2 एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है।

थाना क्षेत्र के अन्य अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों का भी परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

आपराधिक इतिहास –

आपराधिक इतिहास
1- तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह उर्फ दयाल सिंह निवासी डैम बंदे के पास ग्राम गिधौर, कोतवाली नानकमत्ता

1. FIR No. 172/2001 धारा 395/397 IPC

2. FIR No. 187/2001 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट

3. FIR No. 194/2001 धारा 307 IPC

4. FIR No. 195/2001 धारा 25 आर्म्स एक्ट

5. FIR No. 346/2001 धारा 392/411 IPC, 26 फॉरेस्ट एक्ट

6. FIR No. 398/2002 धारा 379/411 IPC

7. FIR No. 509/2002 धारा 25 आर्म्स एक्ट

8. FIR No. 492/2002 धारा 110G CrPC

9. FIR No. 17/2003 धारा 394/411 IPC

10. FIR No. 106/2003 धारा 393 IPC

11. FIR No. 314/2002 धारा 382/341/148/34 IPC

12. FIR No. 226/2002 धारा 392/411 IPC

13. FIR No. 272/2003 धारा 364A/506 IPC

14. FIR No. 222/2003 धारा 395/397 IPC

15. FIR No. 1406/2001 धारा 26 फॉरेस्ट एक्ट

16. FIR No. 651/2003 धारा 25 आर्म्स एक्ट

17. FIR No. 230/2003 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट

18. FIR No. 37/2011 धारा 323/498A/506 IPC

19. FIR No. 609/2016 धारा 392/411 IPC

20. FIR No. 186/2017 धारा 398/401 IPC

21. FIR No. 275/2017 धारा 18/20 NDPS Act

22. FIR No. 276/2017 धारा 25 आर्म्स एक्ट

23. FIR No. 02/2013 धारा 25 आर्म्स एक्ट

24. FIR No. 51/2013 धारा 307/353 IPC

25. FIR No. 73/2014 धारा 366 IPC

26. FIR No. 276/2021 धारा 8/22/60 NDPS Act

27. FIR No. 56/2026 धारा 111/115(2)/127(2)/310(2)/317(3)/351/3(5) BNS

2- गुरमीत कौर पत्नी तारा सिंह निवासी ग्राम गिधौर
1. FIR No. 18/2022 धारा 8/22/60 NDPS Act

2. FIR No. 20/2023 धारा 60 आबकारी अधिनियम

3. FIR No. 209/2024 धारा 8/22 NDPS Act

4. FIR No. 56/2026 धारा 111/115(2)/127(2)/310(2)/317(3)/351/3(5) BNS

3- सुखवन्त सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी ग्राम गिधौर
1. FIR No. 49/2012 धारा 60 आबकारी अधिनियम
2. FIR No. 44/2014 धारा 60 आबकारी अधिनियम

4- राजू उर्फ हरजिन्दर सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी ग्राम गिधौर
1. FIR No. 243/2021 धारा 8/22/27 NDPS Act
2. FIR No. 52/2022 धारा 8/21 NDPS Act

एसएसपी अजय गणपति का संदेश –
‘नशा तस्करों, गैंगस्टरों एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त करने एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जनपद में अपराध एवं नशे के कारोबार के लिए किसी भी स्तर पर कोई स्थान नहीं है, होगी सख्त से सख्त वैधानिक कार्यवाही।’

नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने लगाया रंगदारी मांगने का आरोप

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने एक व्यक्ति पर उससे रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

महेशपुरा, काशीपुर निवासी नरेश कुमार पुत्र स्व. रमेश ने न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर की अदालत में प्रज्ञर्थना पत्र देकर बताया कि वह नगर निगम काशीपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है तथा वर्तमान में वार्ड नं. 9, खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर में सफाई कार्य करता है ।

उसने बताया कि अंकित पुत्र राजेन्द्र, निवासी जसपुर खुर्द, कचहरी के पास, काशीपुर जो कि पूर्व से ही उससे रंजिश रखता है तथा आये दिन उसे काम के दौरान तंग व परेशान करता है, जबकि अंकित वार्ड नं. 9 में अवैध रूप से ड्यूटी करता है, क्योंकि कोई लिखित आदेश इसके सफाई नायक का नहीं है, केवल सफाई कर्मचारियों को धमकाना, और सूचना अधिकार लगाकर उन्हें दबाव में लेकर धन उगाही करना और ना देने पर मारपीट करना ही इसका काम है।

नरेश ने बताया कि 15 दिन पूर्व भी ब्रिजेश नाम के व्यक्ति को बहुत बुरी तरह मारा था और इसकी रंगदारी से परेशान होकर ब्रिजेश ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उक्त अंकित उसके साथ गाली गलौज कर अपशब्दों का प्रयोग करता है और कहता है कि कहीं भी ड्यूटी करनी हो तो पहले मुझे रंगदारी देनी होगी, वरना कहीं भी ड्यूटी करने नहीं दूंगा।

नरेश ने बताया कि दिनांक 11.08.2025 को सुबह के लगभग 6ः30 जब वह अपने काम पर वार्ड नं. 9, खड़कपुर देवीपुरा गया था तो अंकित उसके साथ गाली गलौज करते हुये बोला कि तू आज फिर काम पर आ गया, मैने तुझसे कहा था कि जब तक तू मुझे 20,000 रुपये की रंगदारी नहीं देगा, तब तक तू काम पर मत आना, तूने अभी तक मुझे 20,000 रुपये की रंगदारी नहीं दी है और तू काम पर आ गया है । जब उसने कहा कि मैं तुम्हें कोई भी रंगदारी नहीं दूंगा, तो वह उसके साथ गन्दी-गन्दी गाली गलौज करते हुये उसके साथ सरिये से मारपीट करने लगा, जिससे उसके काफी चोटें आयी हैं और उसका इलाज राजकीय चिकित्सालय काशीपुर में चल रहा है।

उसने अंकित के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर अंकित के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हरविन्दर कुमार के हवाले की है।

1 महीने बाद भी नहीं लगा स्टोन क्रशर पर काम करने वाले गार्ड का सुराग

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : 1 महीने से ज्यादा बीत जाने के बाद भी स्टोन क्रशर पर काम करने वाले गार्ड का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने गार्ड के भाई की तहरीर के आधार पर एक महीने बाद अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।

लक्ष्मीपुर, कुंडेश्वरी निवासी सतनाम सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने दिनांक 20.5.2026 को कुंडेश्वरी चौकी में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई दीप सिंह (27 वर्ष) रोज की तरह घर से काम के लिए गया, तब से घर वापस नहीं आया।

उसने बताया कि उसका भाई दीप सिंह आनद स्टोन क्रशर पर गार्ड की नौकरी करता था। 15 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे दीप घर से काम पर कहकर गया लेकिन न तो वह क्रशर पर पहुंचा और न ही तब से घर वापस आया, तब से परिवार खोज कर रहा है, पर दीप का कुछ पता नहीं चला।उसका फोन भी बन्द है ।

सतनाम सिंह ने पुलिस से उसके भाई को खोजने की गुहार लगाई है। पुलिस ने एक महीने बाद अज्ञात के खिलाफ दीप सिंह के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है। मामले की जांच एसआई कंचन कुमार के हवाले की गई है।

कैबिनेट के अहम फैसले: नस्ल सुधार से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पूर्ण साक्षर राज्य और अंतरराष्ट्रीय कार रैली को मिली मंजूरी

0

 

देहरादून 18 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पशुपालन, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित करने, चारधाम यात्रा में संचालित घोड़े-खच्चरों के बीमा, राज्य आंदोलनकारियों को आरक्षण लाभ तथा किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना सहित अनेक प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

मंत्रिमंडल ने गौवंशीय पशुओं की नस्ल सुधार के लिए भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक के माध्यम से शुद्ध नस्ल के पशुओं के उत्पादन और दुग्ध उत्पादन वृद्धि की प्रायोगिक परियोजना को मंजूरी दी। इस योजना से उच्च आनुवंशिक क्षमता वाले पशुओं की संख्या बढ़ेगी।

चारधाम यात्रा में उपयोग किए जाने वाले घोड़े-खच्चरों के बीमा प्रीमियम का 20 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी। वर्ष 2026 की यात्रा के दौरान लगभग 15 हजार पंजीकृत अश्ववंशीय पशुओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।

राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को मिलने वाले 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के संबंध में कैबिनेट ने निर्णय लिया कि कुछ भर्ती परीक्षाओं में आवेदन की अंतिम तिथि के बाद आरक्षण प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के समय एक बार इसका लाभ दिया जाएगा।

मध्य-पूर्व में युद्ध के कारण कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में हुई वृद्धि से बिटुमिन की कीमतों में 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के लंबित बिटुमिन कार्यों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मूल्य समायोजन की अनुमति दी गई है।

त्रिवर्षीय आबकारी नीति में संशोधन करते हुए उपकर को मूल्य वर्धित कर (वैट) गणना का हिस्सा बनाए जाने तथा होलोग्राम शुल्क की दोहरी गणना की स्थिति समाप्त करने को मंजूरी दी गई।

निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्यात हेतु व्यापार अवसंरचना योजना के अंतर्गत सेलाकुई स्थित सगंध पौधा केंद्र में सुगंधित तेलों और उत्पादों में मिलावट की जांच के लिए स्थापित अत्याधुनिक त्वरक द्रव्यमान स्पेक्ट्रोमेट्री मशीन के संचालन हेतु परियोजना प्रबंधन इकाई का गठन किया जाएगा। इसके लिए पांच विशेषज्ञ पदों का सृजन किया गया है।

राज्य में पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित की जाने वाली अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के लिए अनुभवी संस्था का चयन एकल स्रोत पद्धति से किए जाने को मंजूरी दी गई। प्रस्तावित रैली में 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी, 25 एशियाई क्रॉस-कंट्री रैली प्रतिभागी, 20 क्लासिक कार प्रतिभागी तथा 50 भारतीय राष्ट्रीय रैली चैम्पियनशिप के प्रतिभागियों सहित 120 से अधिक प्रविष्टियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

उपनल के माध्यम से नियुक्त कार्मिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन प्रदान करने के मामले में पात्रता की कट-ऑफ तिथि को संशोधित कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप 15 अक्टूबर 2024 निर्धारित करने को मंजूरी दी गई।

कैबिनेट ने उत्तराखंड कारागार (संशोधन) नियमावली-2026, उत्तराखंड कारागार कारापाल अधीनस्थ (राजपत्रित) सेवा नियमावली-2026 तथा उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा (संशोधन) विनियमावली-2026 के प्रख्यापन को भी स्वीकृति प्रदान की।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप निर्धारित मानकों के आधार पर उत्तराखंड को पूर्णतः साक्षर राज्य घोषित किए जाने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल ने सहमति प्रदान की।

इसके अतिरिक्त राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) के अंतर्गत विभिन्न चिकित्सालयों के लंबित बिलों के भुगतान के लिए स्वास्थ्य विभाग को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में वर्षों से लंबित किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना पर संबंधित राज्यों के बीच सहमति बनने का स्वागत करते हुए मंत्रिमंडल ने नरेंद्र मोदी तथा‌ अमित शाह का आभार व्यक्त किया। कैबिनेट ने इसे उत्तराखंड के जल संसाधन, सिंचाई, ऊर्जा उत्पादन और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।