विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : ’नशामुक्त देवभूमि’ के संकल्प को पूरा करते हुए काशीपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए वाणिज्यिक मात्रा के दो अभियोगों में वांछित युवती रमीशा चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि एसएसपी उधम सिंह नगर द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में, एसपी स्वप्न किशोर सिंह व सीओ विभव सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काशीपुर हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
कोतवाली काशीपुर में पंजीकृत एनडीपीएस एवं बीएनएस के 2 मुकदमों में वांछित रमीशा चौहान पुत्री देवेंद्र सिंह चौहान, निवासी बांसखेड़ा खुर्द थाना आईटीआई, हाल निवासी डिजाइन सेंटर, मधुबन नगर, काशीपुर को दिनांक 24.4.2026 को गिरफ्तार कर लिया। रमीशा के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
बता दें कि उक्त प्रकरण में मुख्य अभियुक्त दीपक ठाकुर के कब्जे से दिनांक 18.11.2025 को लगभग 5000 से अधिक प्रतिबंधित बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन (वाणिज्यिक मात्रा) बरामद किए गए थे। साथ ही जांच के दौरान लगभग 40,000 अन्य प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी भी हुई थी। इस मामले में सह-अभियुक्त विपुल चौहान को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जांच के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि अभियुक्तों द्वारा ड्रग लाइसेंस प्राप्त करने हेतु प्रस्तुत किये गये अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी थे, जिसके आधार पर अभियोग में कूटरचना से संबंधित धाराओं की भी वृद्धि की गई है। जांच के दौरान अभियुक्ता रमीशा चौहान की संलिप्तता स्पष्ट होने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम में एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई संजय सिंह, कां. इंदु राणा तथा पवन नाथ शामिल थे।
#kashipur_city | kashipur_news



